भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या धाम में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ बुधवार को खूंटी और आसपास का क्षेत्रों में भक्ति पूर्ण माहौल में धूमधाम से मनाई गई।
प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर शहर के नेताजी चौक स्थित देवी गुड़ी, भगत सिंह चौक स्थित हनुमान मंदिर, मिश्रा टोली के दुर्गा मंदिर, पिपराटोली स्थित श्रीराम मंदिर, कर्रा रोड के ठाकुरबाड़ी, हनुमान मंदिर, पुरातन महादेव मंडा, तोरपा रोड के हनुमान मंदिर सहित आसपास गांवों के मंदिरों और बाबा आम्रेश्वर धाम में विशेष पूजन अर्चन, भजन-कीर्तन के साथ भंडारे और महाआरती का आयोजन किया गया।
भगत सिंह चौक स्थित हनुमान मंदिर और पिपराटोली स्थित श्री राम मंदिर में सुबह सुंदर कांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर क्षेत्र के अधिकांश मंदिरों को रंगीन बल्बों से सुंदर सजावट की गई और शहर में जगह-जगह भगवा ध्वज लगाए गए थे। शाम में सनातन समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों के साथ ही मंदिरों में दीपक जलाए। भगत सिंह चौक, नेताजी चौक, पिपराटोली आदि क्षेत्रों के मंदिरों में दिन भर बज रहे राम धुन और भजनों से पूरा वातावरण राममय रहा। भगत सिंह चौक दुर्गा पूजा समिति के द्वारा भगत सिंह चौक स्थित हनुमान मंदिर के समीप शाम से देर रात तक भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें बाहर से आए कलाकारों ने अपने सुमधुर भजनों से श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया।
दूसरी ओर क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में भी श्री राम लाल प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के शुभ अवसर पर सुबह मंदिर के पुजारियों द्वारा विधिवत पूजन अर्चन के बाद श्रीरामचरितमानस और सुंदरकांड का पाठ किया गया। तत्पश्चात हवन, भोग, आरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शाम में सभी मंदिरों को दीपक जलाकर
सुंदर तरीके से सजाया गया।