खूंटी, 20 जनवरी । सम्भव ट्रस्ट की ओर से संचालित आग़ाज़-ए-बातचीत कार्यक्रम के अंतर्गत मारचा एवं सुंदरी पंचायत के युवा नेतृत्वकर्ताओं को मंगलवार को तोरपा प्रखंड कार्यालय और रेफरल अस्पताल का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य युवाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रत्यक्ष जानकारी देना, साथ ही उनमें नागरिक जागरूकता, सहभागिता और आत्मविश्वास का विकास करना था।
तोरपा प्रखंड कार्यालय में युवाओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नवीन चंद्र झा से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने अपने गांवों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं से संबंधित प्रश्न रखे और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। बीडीओ ने युवाओं को प्रखंड कार्यालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण भी कराया, जहां संबंधित पदाधिकारियों ने जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड संशोधन, जाति प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
इसके बाद युवाओं ने तोरपा रेफरल अस्पताल का भ्रमण किया। अस्पताल में आशीष कुमार वर्मा ने युवाओं को स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। भ्रमण के दौरान पंजीकरण काउंटर, एक्स-रे विभाग, टीकाकरण कक्ष, नेत्र चिकित्सा कक्ष, रक्त जांच विभाग एवं प्रसूति विभाग सहित विभिन्न इकाइयों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर रजनी बोदरा, सिलविना बोदरा, अंश साहू, अनिल तिर्की, स्वाती भेंगरा, नीलम भेंगरा सहित अन्य उपस्थित थे।———-