डोमचांच के काराखूट स्थित बंद पत्थर खदान से महिला का शव बरामद, तीन दिन से थी लापता

Spread the love

कोडरमा, 03 मार्च । झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत काराखूट स्थित बंद पड़ी पत्थर खदान से 50 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान संगीता देवी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता थीं।

करीब 72 घंटे बाद मंगलवार को संगीता देवी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, संगीता देवी तीन दिन पहले कपड़ा धोने के लिए खदान क्षेत्र की ओर गई थीं, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने व्यापक तलाश अभियान शुरू किया। खोज के लिए बाहर से भी विशेष टीम बुलाई गई थी।

लंबी मशक्कत के बाद मंगलवार को बंद खदान क्षेत्र से महिला का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं-दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बंद पड़ी खदानों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।————