तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, नाराज लोगों ने हाइवा में लगाई आग

Spread the love

लातेहार, 02 अप्रैल । सदर थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव के पास गुरुवार को हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान राधेश्याम उरांव के रूप में की गई, यह सदर थाना क्षेत्र के तुबेद गांव का रहने वाला था। इधर घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने हाइवा में आग लगा दी।

मिली जानकारी के अनुसार युवक राधेश्याम उरांव अपनी मां तथा परिवार के कुछ अन्य महिलाओं को पूजा करने के लिए पूजा स्थल पर छोड़ने गया था। पूजा समाप्त होने के बाद वह उन्हें लेने के लिए आ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत से नाराज लोगों ने हाइवा में आग लगा दी। घटना की जानकारी होने के बाद अंचल अधिकारी नंदकुमार राम, डीएसपी अरविंद कुमार थाना प्रभारी ,प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से वाहन में लगी आग को बुझाया गया। हालांकि तब तक गाड़ी को काफी नुकसान हो गया था।

घटना के बाद नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के जरिये मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा और नौकरी की मांग की जा रही है।