गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

Spread the love

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान मानगो एनएच-33 स्थित कुमरुम बस्ती निवासी मंटू सिंह उर्फ फुचु (35) के रूप में हुई है। उसके पास से 41 पुड़िया गांजा, जिसका कुल वजन 301.31 ग्राम है, के साथ 1700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपित को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मंगलवार को पटमदा डीएसपी बचनदेव कुचुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने 22 दिसंबर की शाम आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह–तामोलिया लिंक रोड स्थित सिटी इन होटल के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मंटू सिंह बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा और नकद राशि बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन पहले एक तस्कर से गांजा खरीदकर लाया था और इलाके में घूम-घूम कर इसकी बिक्री कर रहा था। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर संबंधित तस्कर के घर पर भी छापेमारी की, हालांकि वहां से कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।