एक सौ आठ बालिकाओं का सामूहिक कन्या पूजन

Spread the love

जोधपुर, 22 मार्च । भारतीय नववर्ष एवं नवरात्रि के पावन अवसर पर सेवा भारती एवं नववर्ष महोत्सव समिति द्वारा सेवाकुंज बालिका छात्रावास गुरो का तालाब में 108 बालिकाओं का श्रद्धा व सम्मान के साथ कन्यापूजन किया गया। कार्यक्रम में भक्ति, सेवा और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिला।

सेवा भारती महानगर अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया कि इस विशेष आयोजन में बालिकाओं का चरण वंदन कर तिलक लगाया गया, पुष्प वर्षा और मुंह मीठा करवाकर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान बालिकाओं को धार्मिक मनोरंजन के माध्यम से नववर्ष और नवरात्रि के महत्व की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में सभी बालिकाओं के लिए भोजन प्रसादी का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। इस अवसर पर नववर्ष महोत्सव समिति के अध्यक्ष नरपत सांखला, महोत्सव समिति संरक्षक निर्मल गहलोत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मंगलाराम, विभाग कार्यवाह मनोहर सिंह, सहकार भारती के महेंद्र दवे, अशोक चौहान, अशोक गहलोत, रामकिशोर गहलोत, सेवा भारती से एमपी भूतड़ा, ओमप्रकाश धामू, चेतना सोनी, मोहन करवा, जितेंद्र गौड़ एवं सेवाकुंज की आशा राठी, चेतन सांखला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।