स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ परीक्षा केंद्रों पर दी औचक दबिश

Spread the love

धर्मशाला, 11 मार्च । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की चल रही परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने खुद कमान संभाल ली है। बुधवार को बोर्ड अध्यक्ष ने जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां क्षेत्र में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं के सफल संचालन और छात्रों के आंतरिक मूल्यांकन की फीडिंग में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन और अधिकारियों के विरुद्ध बोर्ड सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएगा।

निरीक्षण के क्रम में डॉ. राजेश शर्मा ने राजकीय (बालक) वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नगरोटा बगवां और ईशान पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, समलोटी का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में बैठक व्यवस्था, अनुशासन और सुरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। परीक्षा कक्षों में छात्रों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देते देख अध्यक्ष ने संतोष व्यक्त किया, साथ ही ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों और केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे बोर्ड द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को भयमुक्त और नकलविहीन वातावरण में संपन्न करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आईएनए फीडिंग में चूक पड़ी भारी, स्कूलों को अंतिम चेतावनी

आंतरिक मूल्यांकन को लेकर बोर्ड अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड की प्रणाली में आईएनए फीडिंग की प्रक्रिया सभी स्कूलों के लिए लाइव कर दी गई है। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अंकों को दर्ज करते समय निर्धारित अधिकतम अंकों का विशेष ध्यान रखें। डॉ. शर्मा ने चेतावनी दी कि आईएनए फीडिंग में किसी भी प्रकार की त्रुटि या समयबद्धता की कमी पाए जाने पर संबंधित विद्यालय को बोर्ड की कार्रवाई का सामना करना होगा। किसी भी तकनीकी सहायता के लिए बोर्ड ने जमा दो कक्षा हेतु 01892-242139 और दसवीं कक्षा हेतु 01892-242149 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।