धर्मशाला, 17 मार्च । केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी के अनुरोध पर हमीरपुर-सुजानपुर-थुरल-मारंडा सड़क मार्ग को सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फण्ड (सीआरआईएफ) से निर्मित करने को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है।
यह जानकारी देते हुए राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी ने बताया कि यह राजमार्ग हमीरपुर और कांगड़ा जिला की जीवन रेखा है और सड़क मार्ग के निर्माण से दोनों जिलों के पांच लाख लोगों को यात्रा के सुगम अवसर प्रदान होंगे।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क और बुनियादी ढांचा कोष (सीआरआईएफ) के अधीन इस सड़क मार्ग के सभी पुल डबल लेन किये जायेंगे तथा पालमपुर-सुजानपुर-हमीरपुर मार्ग की सभी तंग सड़कों को चौड़ा किया जायेगा। इस सड़क परियोजना पर लगभग दो सौ करोड़ रूपये खर्च किये जायेंगे।
राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी ने बताया कि इस राजमार्ग के निर्माण से हमीरपुर और पालमपुर के बीच दूरी कम होगी तथा पर्यटन सहित आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।
केन्द्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी को इस सड़क मार्ग के तथ्यों और आर्थिक महत्व के बारे में उन्हें जानकारी प्रदान करने के लिए आभार प्रकट किया और कहा कि इस सड़क मार्ग की बार बार पैरवी करने से वह इस सड़क मार्ग को केन्द्रीय मन्त्रालय से बजट प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हुए हैं। उन्होंने राज्य सभा सांसद इंदु गोस्वामी द्वारा पिछले छह वर्षों के दौरान पठानकोट-मण्डी, चण्डीगढ़-मनाली सहित राज्य के आर्थिक महत्व के अनेक राज मार्गों की पैरवी करने के लिए उनकी प्रशंसा की और कहा कि उनकी पैरवी की बदौलत राज्य के लिए पर्याप्त बजट प्रावधान सुनिश्चित हुआ है।