धर्मशाला, 18 फ़रवरी । राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत बैजनाथ में दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की जूनियर तथा सीनियर श्रेणियों के पहलवानों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कुश्ती के समापन समारोह में बुधवार को उपमंडलाधिकारी बैजनाथ एवं मेला समिति के अध्यक्ष संकल्प गौतम बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न वर्गों के विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी खेलों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।
महिला वर्ग अंडर-20 के फाइनल मुकाबले में स्निग्धा विजेता तथा गुलराज उपविजेता रही जबकि पुरुष वर्ग अंडर 20 फाइनल मुकाबले में रजत विजेता तथा दिनेश उपविजेता रहे।
महिला सीनियर वर्ग हिमाचल केसरी के फाइनल प्रतियोगिता में नैन्सी विजेता तथा अनीता उपविजेता रही।
इसी तरह पुरुष सीनियर वर्ग बैजनाथ केसरी मुकाबला सोनू तथा सचिन के मध्य हुआ जिसमें सोनू विजेता रहे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।