शाहपुर की बोह वैली बन रही ट्राउट हब, पर्यटन के साथ स्वरोजगार का नया अध्याय

Spread the love

धर्मशाला, 17 फ़रवरी । कांगड़ा जिला के शाहपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर धारकंडी क्षेत्र की बोह घाटी अपनी अनुपम प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रदेश ही नहीं, देशभर में प्रसिद्ध है। खबरू वाटरफॉल की कलकल ध्वनि, बर्फ से लदी पहाड़ियां और घने हरे-भरे जंगल इस क्षेत्र को प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए स्वर्ग समान बनाते हैं। अब यही घाटी पर्यटन के साथ-साथ ट्राउट उत्पादन के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि अपने प्रथम विधायक प्राथमिकता बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री से धारकंडी क्षेत्र में ट्राउट हब स्थापित करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने जिला कांगड़ा के इस क्षेत्र में ट्राउट हब की स्थापना की घोषणा अपने पहले ही बजट में की। अब यह घोषणा मूर्त रूप ले रही है और इसके लिए 3.03 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और बोह में ट्राउट हैचरी भी बनकर तैयार है।

बोह निवासी पप्पू राम, जो पूर्व उपप्रधान भी रह चुके हैं, ने अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ 38 लाख रुपये की लागत से ‘बोह वैली फिश फार्म एंड हैचरी’ का निर्माण किया है। उन्हें प्रदेश सरकार से 15 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक के सहयोग से यह संभव हो पाया है। हैचरी में ट्राउट का बीज डाला जा चुका है और उन्हें विश्वास है कि यह उद्यम उनके परिवार की आजीविका को और मजबूत करेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नौकरी के लिए भटकने की बजाय स्वरोजगार अपनाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

सहायक निदेशक मत्स्य विभाग पालमपुर डॉ. राकेश कुमार के अनुसार धारकंडी घाटी में ट्राउट पालन की अपार संभावनाएं हैं। वर्तमान में 15 से 20 लोगों ने अपने-अपने तालाब बनाकर ट्राउट उत्पादन शुरू कर दिया है। नई हैचरी के निर्माण से अब ट्राउट का गुणवत्तायुक्त बीज स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगा। इस हैचरी के लिए डेनमार्क से उच्च नस्ल का ट्राउट बीज मंगवाया गया है।

परियोजना के अंतर्गत 3.03 करोड़ रुपये में से अब तक 211.50 लाख रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जिनमें 34 ट्राउट रेसवेज, 6 मोटरसाइकिल विद आइस बॉक्स तथा 2 फिश कियोस्क शामिल हैं। ट्राउट क्लस्टर के तहत 20 रेसवेज, 4 मोटरसाइकिलें और 1 फिश कियोस्क पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर है। 88.50 लाख रुपये की उपदान राशि जारी की जा चुकी है और शेष राशि कार्य पूर्ण होने पर प्रदान की जाएगी।