अवैध निर्माण पर केडीए का बुलडोजर, 21 बीघा क्षेत्र में ध्वस्तीकरण

Spread the love

कानपुर, 18 फरवरी । कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बुधवार को प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने करीब 21 बीघा क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई।

प्राधिकरण की टीम ने प्रतापपुरी हरी गांव में करीब नौ बीघा, भगवानपुरवा में लगभग आठ बीघा और कटरी ख्यौरा में करीब चार बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। इन सभी स्थानों पर बिना ले-आउट स्वीकृत कराए और बिना अनुमति के जमीन की प्लाटिंग की जा रही थी। ध्वस्तीकरण के दौरान तीन जेसीबी मशीनों की मदद से इंटरलॉकिंग, सड़क, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर और निर्मित व निर्माणाधीन ढांचों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के अभियंता, सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिठूर थाने की पुलिस टीम भी तैनात रही।

प्राधिकरण ने बताया कि सिंहपुर और गंगपुर चकबदा क्षेत्र में भी लगभग आठ बीघा जमीन पर अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण के आदेश जारी हो चुके हैं और वहां जल्द कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि प्राधिकरण क्षेत्र में भूमि खरीदने से पहले ले-आउट की स्वीकृति की जानकारी अवश्य करें और भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं। इससे भविष्य में होने वाले आर्थिक और मानसिक नुकसान से बचा जा सकेगा।