हरिद्वार, 25 मार्च । कुंभ मेला-2027 की ड्यूटी के दौरान तैनात सुरक्षा कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैरकों के निर्माण की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 100 बेड क्षमता की बैरक का निर्माण कराया जा रहा है। यह बैरक महिला कर्मियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन की जा रही है। ऋषिकेश स्थित भद्रकाली पुलिस चौकी में भी पुलिसकर्मियों के लिए बैरक निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
कुंभ मेला व्यवस्थाओं के तहत हरिद्वार में पुलिसकर्मियों के लिए 300 बेड क्षमता की एक बड़ी बैरक के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही अग्निशमन कर्मियों के लिए अलग से बैरकों के निर्माण की योजना बनाई जा रही है, ताकि आपातकालीन सेवाओं में तैनात कर्मचारियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सके।
इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने संबंधित अधिकारियों की टीम के साथ बैरागी कैंप स्थित घोड़ा पुलिस लाइन तथा मायापुर स्थित फायर स्टेशन परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों के निर्माण के लिए उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, यातायात की सुगमता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का गहन अध्ययन किया। अपर मेलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित स्थलों के संबंध में रिपोर्ट मेलाधिकारी को प्रस्तुत कर अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेजी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य समय से पूरा कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।