नगर निगम के नेता सदन प्रवेश वाही ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, प्रशांत विहार में फुटओवर ब्रिज निर्माण का आग्रह

Spread the love

नई दिल्ली, 19 मार्च । दिल्ली के प्रशांत विहार और रोहिणी सेक्टर 9, 13 व 14 के लोगों को हो रही असुविधा से निजात दिलाने के लिए नेता सदन प्रवेश वाही ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन के पास फुटओवर ब्रिज व सब-वे निर्माण की अपील की।

प्रवेश वाही ने पत्र में उत्तरी पीतमपुरा और प्रशांत विहार के बीच एक फुटओवर ब्रिज अथवा सबवे जनता की सुविधा के लिए अतिशीघ्र बनाए जाने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन का रास्ता पीतमपुरा की तरफ खुलता है। इससे प्रशांत विहार, रोहिणी सेक्टर 9 और रोहिणी के अन्य सेक्टरों में रह रहे लोगों को खासा दिक्कत हो रही है। साथ ही इससे दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है।

राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाही ने इस पत्र की दिल्ली पुलिस एवं दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक को भी भेजा है।

वाही ने कहा कि दिल्ली सरकार के साथ दिल्ली नगर निगम शहर में नागरिक सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। नगर निगम का लक्ष्य रोहिणी क्षेत्र को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करना है, इसलिए निरंतर इस दिशा में प्रयासरत हैं।