एमसीडी ने म्युनिसिपालिका सम्मेलन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता संबंधी उत्कृष्ट पहलों का किया प्रदर्शन

Spread the love

नई दिल्ली, 25 फ़रवरी । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बुधवार को भारत मंडपम में आयोजितम्युनिसिपालिका 2026 सम्मेलन में भाग लिया। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने किया।

कार्यक्रम के दौरान आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने एमसीडी स्टॉल का दौरा किया और स्वच्छ, स्मार्ट एवं सतत दिल्ली के निर्माण के लिए एमसीडी की दूरदर्शी पहलों की सराहना की। उन्होंने वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, लैंडफिल कूड़े के निस्तारण, स्वच्छता अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा बेहतर नागरिक सेवाओं हेतु तकनीक आधारित प्रशासनिक पहलों की प्रशंसा की।

दिल्ली नगर निगम पवेलियन में निगम के किए गए प्रमुख सुधारों एवं श्रेष्ठ प्रथाओं को प्रदर्शित किया गया है। जिनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार, नागरिक सेवाओं का डिजिटलीकरण, शहरी अवसंरचना का उन्नयन तथा पारदर्शिता और दक्षता पर आधारित नागरिक-केंद्रित पहलें शामिल हैं।

सम्मेलन के दौरान एमसीडी के प्रतिनिधियों ने “शहरी योजना एवं सुधार” विषय पर एक तकनीकी सत्र भी प्रस्तुत किया। जिसमें एकीकृत शहरी नियोजन, सर्कुलर इकोनॉमी तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सुधारों पर एमसीडी की रणनीतिक दृष्टि प्रस्तुत की गई।