गलन और कोहरे ने बढ़ाई ठिठुरन, सड़काें पर वाहन रेंगते नजर आए

Spread the love

हमीरपुर, 30 दिसंबर । उत्तर प्रदेश केे बुंदेलखंड की पठारी धरती पर कड़ाके की ठंड लगातार अपना असर दिखा रही है। मंगलवार को गलन बढ़ने के कारण हमीरपुर जिले में लोग दिनभर ठिठुरते रहे और अधिकांश समय अलाव का सहारा लेने पर मजबूर हुए। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कानपुर सागर हाईवे सहित कई मार्गों पर दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई जिससे वाहन चालकों को आगे का रास्ता तक दिखाई नहीं दे रहा था। वाहन रेंगते नजर आए।

दोपहर तक कई वाहन चालक अपने वाहन सड़क किनारे व ढाबों के पास खड़े कर कोहरा छटने का इंतजार करते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और अधिक परेशानी भरी रही जहां सकरी सड़कों पर कोहरे के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रही। दिन के समय भी लोग वाहन फॉग लाइट और इंडिकेटर जलाकर चलते नजर आए। खेती और ग्रामीण गतिविधियों पर भी मौसम का असर देखा गया। बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही और लोग जरूरी काम निपटाकर जल्द घर का रुख किए। केवीके अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते ठंड और कोहरे का असर और तेज हो सकता है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने, अलाव या हीटर का सुरक्षित उपयोग करने एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।