जांजगीर चांपा: बलौदा थाना क्षेत्र में नाबालिग पर चाकू से हमला, बिलासपुर में इलाज जारी

Spread the love

जांजगीर-चांपा, 30 जनवरी (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जार्वे में दो नाबालिग लड़कों के बीच हुए विवाद में एक नाबालिग ने दूसरे नाबालिग पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल नाबालिग के गले और पीठ के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से आरोपित नाबालिग फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगभग डेढ़ माह पूर्व दोनों नाबालिगों के बीच क्रिकेट मैच के दौरान पैसे लगाने को लेकर विवाद हुआ था। मैच में नाबालिग लड़का हार गया था और उसके बचे हुए दो से तीन सौ रुपये को लेकर नाबालिग लड़का लगातार पैसे की मांग कर रहा था।

घटना के दिन पैसे नहीं देने पर विवाद बढ़ गया, इसी दौरान नाबालिग लड़का ने अपने पास रखे चाकू जैसे हथियार से पीछे से हमला कर दिया। हमले में नाबालिग लड़का की पीठ और गले के पास गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बिलासपुर रेफर किया गया।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपित नाबालिग की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपित के पकड़े जाने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।