मीराबाई चानू को मिला ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ द ईयर’ का सम्मान

Spread the love

नई दिल्ली, 17 नवंबर । टोक्यो 2020 ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू को दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (डीएसजेए) के वार्षिक समारोह में ‘स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ द ईयर’ से सम्मानित किया गया। साथ ही उनके कोच विजय शर्मा को ‘कोच ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा गया। प्रो कबड्डी लीग के लीग चेयरमैन और मशाल स्पोर्ट्स के हेड अनुपम गोस्वामी को एडमिनिस्ट्रेटर ऑफ द ईयर के खिताब से सम्मानित किया गया।

डीएसजेए ने बीते रविवार को दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) में वार्षिक पुरस्कार समारोह का सफल आयोजन किया। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने शिरकत की।

समारोह को डीडीसीए, प्रो कबड्डी लीग, वर्ड्सवर्क कम्युनिकेशंस और प्रोकेम इंटरनेशनल जैसे आधिकारिक प्रायोजकों का सहयोग प्राप्त हुआ। राजधानी के कई प्रमुख खेल पत्रकार इस आयोजन में शामिल हुए, जिसका उद्देश्य खेल जगत और उससे जुड़े व्यक्तित्वों को सम्मानित करना था। साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों के अमूल्य योगदान को भी मंच पर लाना रहा।

समारोह के दौरान तीन वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप मैगजीन, विपिन बहुगुणा और के.पी. मोहन को खेल पत्रकारिता में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि रोहन जेटली ने इस अवसर पर कहा, “यह मेरा दूसरा मौका है जब मैं डीएसजेए के वार्षिक समारोह में शामिल हुआ हूं। खेल पत्रकारों का योगदान खेल और खिलाड़ियों को पहचान दिलाने में अहम रहा है। डीडीसीए को इस आयोजन का हिस्सा बनकर गर्व है और हम आगे भी अपना पूरा सहयोग देते रहेंगे।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “पत्रकारिता से जुड़ा होने के नाते मैं स्वयं इस बिरादरी का हिस्सा हूं। खेल पत्रकार खिलाड़ियों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाकर लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। आपकी निष्ठा और मेहनत खेल भावना को देश के हर व्यक्ति तक पहुंचाती है।”

डीएसजेए अध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने कहा, “हमारे मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों और सभी पत्रकारों का धन्यवाद। यह शाम उन पत्रकारों को समर्पित है जो खेल मैदानों की कहानियों को सामने लाते हैं और खेल की असली भावना को शब्दों में ढालते हैं।”

दिल्ली स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ने आश्वस्त किया कि वह आगे भी खेल पत्रकारिता में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और उन अनसुने नायकों को सम्मानित करने के लिए निरंतर काम करता रहेगा जो खेल प्रेमियों को रोमांचक खेल दुनिया से जोड़ते हैं।