सूरजपुर : कुदरगढ़ में आधुनिक विश्रामगृह का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

Spread the love

सूरजपुर, 21 मार्च । सूरजपुर के कुदरगढ़ धाम में श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए बड़ी सुविधा जुड़ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सर्वसुविधायुक्त नवनिर्मित विश्रामगृह का लोकार्पण कर पर्यटन और धार्मिक विकास को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार काे ओड़गी विकासखंड अंतर्गत कुदरगढ़ में नवनिर्मित सर्वसुविधायुक्त विश्रामगृह भवन का लोकार्पण किया। लगभग 3 करोड़ 9 लाख 60 हजार रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक भवन में आगंतुकों और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस विश्रामगृह में 2 वीआईपी सूट, 3 वीआईपी कक्ष, डायनिंग एरिया, किचन और वेटिंग एरिया की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही गैरेज, गार्ड रूम, सर्वेंट क्वार्टर और वाहन शेड जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, जिससे ठहरने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

भवन परिसर में 265 मीटर लंबा पहुंच मार्ग और 420 मीटर की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी किया गया है, जिससे परिसर की सुरक्षा और सुगमता बढ़ाई गई है।

कुदरगढ़ स्थित मां कुदरगढ़ी देवी मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां विशेष रूप से चैत्र नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हर वर्ष यहां कुदरगढ़ महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है।

नए विश्रामगृह के शुरू होने से श्रद्धालुओं और आगंतुकों के ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।