बैतूल में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मां की मौत, सात माह का मासूम सुरक्षित

Spread the love

बैतूल, 24 जनवरी । मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के बडोरा चौक पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि उसकी गोद में बैठा सात माह का मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय संगीता पटेल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले की बालोत्तरा तहसील के टापरा गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में बैतूल के बडोरा क्षेत्र स्थित वास्तु पार्क में रह रही थीं।

बच्चे को डॉक्टर को दिखाने आई थीं बैतूल

संगीता अपने पति राजेंद्र पटेल और सात माह के बेटे ध्रुव के साथ बच्चे को डॉक्टर को दिखाने बैतूल आई थीं। परामर्श के बाद तीनों जब बाइक से घर लौट रहे थे, तभी बडोरा चौक पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर गिर गई और संगीता ट्रक के टायर की चपेट में आ गईं। उन्हें गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में बच्चा सुरक्षित रहा, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

आक्रोश और पुलिस कार्रवाई

घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात रोक दिया और पुलिस को सूचना दी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर का दृश्य कैद बताया जा रहा है। बैतूल बाजार थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।