गणतंत्र भारत की शक्ति, आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक चेतना का मूल आधार हैं: हेमंत खण्डेलवाल

Spread the love

भोपाल, 26 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपने संविधान को लागू कर एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में विश्व पटल पर अपनी पहचान स्थापित की। गणतंत्र भारत की शक्ति, आत्मसम्मान और लोकतांत्रिक चेतना का मूल आधार है। संविधान से प्राप्त अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत नए आत्मविश्वास के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने तक देश का स्वरूप और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा मिली है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ सुशासन का सशक्त मंत्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारत को विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति बनाने के संकल्प के साथ हर नगर और हर क्षेत्र को प्रगति की ऊँचाइयों तक ले जाया जा रहा है और देश के 77वें गणतंत्र वर्ष में यह संकल्प और अधिक दृढ़ हुआ है। देश और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक एवं कार्यकर्ता का दायित्व है कि वे संविधान की भावना के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने तक भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर और वैश्विक नेतृत्वकर्ता राष्ट्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र ने सुशासन की मजबूत आधारशिला रखी है। आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादन तथा वैश्विक मंच पर भारत की सुदृढ़ पहचान निरंतर मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश को मिल रही सशक्त पहचान

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में सुशासन, निर्णायक प्रशासन और जनकल्याण को नई गति और स्पष्ट दिशा मिली है। प्रदेश सरकार की नीतियों का केंद्र बिंदु कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, सांस्कृतिक पुनर्जागरण को प्रोत्साहन देना तथा समग्र, संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक विस्तार, रोजगार सृजन, गरीब एवं किसान कल्याण के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। इन्हीं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश आज विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और देश में एक सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। स्वतंत्रता और गणतंत्र की रक्षा करना तथा संविधान के मूल्यों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना प्रत्येक नागरिक का सर्वोपरि दायित्व है।

ध्वजारोहण में यह रहे शामिल

इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहें।