इंदौरः मंत्री सिलावट ने की लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा

Spread the love

इंदौर, 05 फरवरी । मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को अधिकारियों की बैठक लेकर लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने बैठक में उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सांवेर विधानसभा में कई सड़कों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसलिए आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 को ध्यान में रखते हुए सांवेर विधानसभा में निर्माणाधीन 20 से अधिक सड़कों का निर्माण समय-सीमा में कराये और इसकी मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन मौके पर जाकर करें। जिन सड़कों की निविदाएं जारी हो चुकी है उनकी निविदाएं खोलकर समय-सीमा में अनुबंध आदि की कार्यवाही कर कार्य प्रारंभ करें।

उन्होंने कहा कि जिन सड़कों का निर्माण हो चुका है उनका लोकार्पण कराया जाए। आगामी सिंहस्थ 2028 में इन्दौर-सांवेर-उज्जैन मुख्य मार्ग रहेगा, इसलिए क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग 1 और 2 के कार्यपालन यंत्री एस.एन. सोनी, जयदेव गौतम, एसडीओ टी.के. जैन, शिवानी अकोदिया, राकेश चौबे सहित विभाग के इंजीनियर आदि उपस्थित रहे।