मप्रः जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 16 मार्च तक स्थगित, उप मुख्यमंत्री शुक्ल के साथ बैठक के बाद लिया निर्णय

Spread the love

भोपाल, 09 मार्च । मध्य प्रदेश में लंबित स्टाइपेंड संशोधन को लेकर सोमवार को शुरू हुई जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल आगामी 16 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गई है। शाम को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ ही बैठक के बाद जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) ने यह निर्णय लिया।

जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन ने शाम को जारी बयान में इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि बैठक में जूनियर डॉक्टरों की सभी लंबित मांगों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा की गई है। इसके बाद अब हड़ताल को 16 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है।

जूनियर डॉक्टरों की हड़तला सोमवार सुबह 9 बजे शुरू हुई थी और शाम 5 बजे तक चलती रही। इस कारण भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग में पीपीटीसीटी काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर, फर्टिलिटी क्लिनिक, एएनसी रूम सुमित अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित होती रहीं। सीनियर डॉक्टर के साथ जूनियर डॉक्टर यहां की रिस्पांसिबिलिटी संभालते हैं। जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर होने के कारण मरीज को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। वह सुबह से अपनी बारी के इंतजार में बैठे रहे।

गांधी मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन की एक दिन की हड़ताल से व्यवस्थाएं बुरी तरह से प्रभावित हुईं, जिसका सबसे बड़ा खामियाजा उन मरीजों को उठाना पड़ा, जिनका आज ऑपरेशन होना था। ऐसे 20 से ज्यादा मरीजों की सर्जरी हड़ताल के कारण टल गई। इसकी पुष्टि हमीदिया अस्पताल के आंकड़े कर रहे हैं।

हड़ताल से पहले फुल वर्किंग डे यानी शुक्रवार को कुल 66 सर्जरी हुई थी, जिसमें करीब 30 सिजेरियन डिलीवरी शामिल थी। वहीं, सोमवार को शाम 6 बजे तक सर्जरी का आंकड़ा घट कर सिर्फ 38 रहा है। जिसमें केवल 18 सिजेरियन डिलीवरी शामिल हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सिजेरियन डिलीवरी 24 घंटे चलती हैं। ऐसे में 3 से 4 सिजेरियन डिलीवरी रात तक बढ़ सकती हैं।

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, सीपीआई आधारित स्टाइपेंड संशोधन शासन के आदेश के अनुसार एक अप्रैल 2025 से लागू होना था। यह अब तक लागू नहीं किया है। कई बार निवेदन के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है। इससे डॉक्टरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेश के करीब आठ हजार रेजिडेंट डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न इस हड़ताल में शामिल रहे।