मप्र के मंडला जिले में जर्जर पुलिया से गिरी तेज रफ्तार बाइक, चार युवकों की मौत

Spread the love

मंडला, 22 मार्च । मध्य प्रदेश के मंडला जिले में बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसवाही और टिकराटोला के बीच शनिवार की रात एक तेज रफ्तार बाइक जर्जर पुलिया से नीचे गिर गई। इस हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस ने मौके पर पहुचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की रात एक ही बाइक पर सवार चार युवक काफी तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसवाही के पास कालपी निवास मार्ग पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पुलिया के नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुडापे ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार नरेती (24) निवासी रमतिला, बीजाडांडी, संतलाल उइके (23), निवासी ग्राम बस्तरी, निवास, शिवम यादव (17) निवासी टिकरिया मूल निवासी बिछिया कुरई, गंगा राम उइके (22), निवासी टिकरिया के रूप में हुई है। रविवार को बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

इधर, स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह पुलिया पिछली बरसात में टूट गई थी, लेकिन इसका निर्माण या मरम्मत अब तक नहीं कराई गई। हादसे के समय पुलिया के दोनों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। अंधेरे में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक पुलिया से नीचे गिर गए। वे नीचे रखे सीमेंट पाइप से टकरा गए, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

भैंसवाही निवासी नन्ने सिंह परस्ते ने बताया कि पुलिया टूटने के बाद कई बार शिकायतें की गईं, जिसमें 181 हेल्पलाइन पर भी सूचना देना शामिल है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने ही आवागमन के लिए अस्थायी रास्ता बनाया था। टिकराटोला निवासी अनिल धुर्वे ने भी हादसे को विभागीय लापरवाही का परिणाम बताया है। उन्होंने जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत की मांग की है।