जयपुर, 06 अप्रैल । नगर निगम के नवनियुक्त आयुक्त ओम कसेरा ने सोमवार को कार्यभार संभालते ही पहले ही दिन नगर निगम के विभिन्न शाखाओं का लगभग एक घंटे से भी अधिक समय तक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवष्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने नगर निगम की कार्मिक शाखा, उद्यान शाखा, राजस्व शाखा, सतर्कता शाखा, होर्डिग शाखा, ई-गर्वेनेन्स शाखा, आयोजना शाखा, अटल सेवा केन्द्र, जन सहायता केन्द्र, काॅल सेन्टर, शिशु पालना गृह सहित विभिन्न शाखाओं व स्थानों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आयुक्त ने निगम मुख्यालय के शौचालयों व पार्किग का भी निरीक्षण किया।
आयुक्त ने जगह-जगह अव्यवस्थित रूप से पड़े हुये कबाड़, पुरानी अलमारियों, टूटी हुई कुर्सियों को हटाने के निर्देष दिये साथ ही अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुधारने के लिये सात दिन का समय दिया। आयुक्त ने अटल सेवा केन्द्र, जन सहायता केन्द्र का भी औचक निरीक्षण किया। वहां की व्यवस्थाओं को बारीकी से समझा तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
नवनियुक्त आयुक्त ओम कसेरा ने कहा कि आमजन के काम चाहे वह जन्म-मृत्यु/विवाह प्रमाण पत्र हो, किसी प्रकार की एनओसी हो, भवन निर्माण स्वीकृति हो या कोई भी काम जो आमजन से जुड़ा है। उसे समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से करवाना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जयपुर शहर को साफ, सुन्दर और ग्रीन सिटी बनाने के लिये विषेष प्रयास किये जायेगे।
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एक टीम के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि निगम के राजस्व को बढ़ाने के लिये हर संभव प्रयास किये जायेगे।