महेंद्रगढ़ के कमल टांक बने आरबीआई मैनेजर

Spread the love

नारनाैल, 26 मार्च । महेंद्रगढ़ शहर के युवा कमल टांक ने भारतीय रिजर्व बैंक में मैनेजर (ग्रेड-बी) के पद पर चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और विभिन्न सामाजिक संगठनों व गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

कमल टांक के पिता रमेश टांक ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनके बेटे ने यह सफलता एक अत्यंत कठिन प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से हासिल की है। यह परीक्षा भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित की जाती है, जिसमें सीमित पदों के लिए लाखों अभ्यर्थी भाग लेते हैं। इस वर्ष कुल 75 पदों पर भर्ती की गई, जिनमें कमल ने मेरिट सूची में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कमल टांक वर्तमान में नई दिल्ली स्थित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) के तहत नौसेना कार्यालय में सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। अब उनका चयन आरबीआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में होने से उनके करियर को नई ऊंचाई मिलेगी।

उनकी सफलता पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी।

भारत विकास परिषद, बाल चरित्र निर्माण सभा, सैनी सभा, ब्राह्मण सभा, हैप्पी स्कूल के संचालक सुभाष चंद्र अग्रवाल, बालाजी जनसेवक मंडल, स्वामी ब्रह्मानंद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र तथा प्रजापति समाज सुधार सभा सहित अनेक संगठनों ने कमल टांक की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।

उनकी माता सुमित्रा टांक और पिता रमेश टांक ने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। कमल की सफलता से महेंद्रगढ़ के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है।