उदयपुर के तहत वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल के तहत उदयपुर में शनिवार शाम प्रस्तावित तुर्की की गायिका सेलीन सुम्बुलटेपे के कार्यक्रम को लेकर विरोध शुरू हो गया है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन कर तुर्की के कलाकारों को मंच न देने की मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान का सहयोग किया था, ऐसे में तुर्की के कलाकारों को भारत में मंच देना गलत है। उन्होंने वर्ल्ड म्यूजिक फेस्टिवल में तुर्की कलाकार की प्रस्तुति रोकने के साथ ही पूरे फेस्टिवल को निरस्त करने की मांग की। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपा।
एनएसयूआई के पूर्व जिला अध्यक्ष मोहित नायक ने कहा कि महाराणा प्रताप की पवित्र धरती पर तुर्की के कलाकारों को मंच देना पूरी तरह अनुचित है। यदि समय रहते कार्यक्रम नहीं रोका गया, तो संगठन उग्र विरोध करेगा, जिसकी जिम्मेदारी आयोजकों और जिला प्रशासन की होगी।
उल्लेखनीय है कि सेलीन सुम्बुलटेपे तुर्की की जानी-मानी फ्यूजन फोक पॉप गायिका हैं और उनका कार्यक्रम शनिवार शाम को प्रस्तावित है। उनके शो को लेकर शहर में विरोध के चलते माहौल गरमा गया है।