कांग्रेस ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती मनाई

Spread the love

पश्चिमी सिंहभूम जिला में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती शुक्रवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद पंडित नेहरू ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को नयी दिशा दी। उन्होंने सभी चुनौतियों का सामना करते हुए एक सशक्त, समृद्ध, आधुनिक और प्रगतिशील भारत की नींव रखी। डॉ. बलमुचू ने कहा कि पंडित नेहरू ने विश्व मंच पर भारत को अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।उन्होंने बताया कि नेहरू जी को देश के आर्थिक रूप से कमजोर तबके से विशेष लगाव था। बच्चों के प्रति उनके प्रेम और स्नेह के कारण ही उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। वे सदैव देश की प्रगति और विकास के प्रति चिंतित रहते थे।इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने नेहरू जी के आदर्शों और संकल्पों को पुनः दोहराते हुए उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का संकल्प लिया। साथ ही बाल दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा, जिला सचिव जया सिंकु, जानवी कुदादा, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, नगर उपाध्यक्ष मो. ऐसान सहित कई कांग्रेसी उपस्थित थे।