होली के दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
वाराणसी, 15 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली के दूसरे दिन शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। दरबार में कतारबद्ध श्रद्धालु अपनी बारी आने पर बाबा का झांकी दर्शन कर आह्लादित हाे रहे हैं। इस दौरान धाम परिसर में हर—हर महादेव का उद्घोष गुंजायमान रहा। मंदिर में मंगलाआरती के बाद मध्यान भोग आरती तक श्रद्धालु कतारबद्ध होकर श्री काशी विश्वनाथ महादेव का दर्शन पूजन करते रहे। श्रद्धालुओं में देश के अन्य हिस्सों से आए श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। इसके पहले होली पर्व पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन पूजन किया था। पर्व पर रामनगरी अयोध्या के राज्य पुष्प कचनार से निर्मित हर्बल गुलाल श्री काशी विश्वनाथ दरबार में अर्पित किया गया।
—————