जिले में 8535 से अधिक गैस सिलेंडर उपलब्ध, 2–3 दिनों में होम डिलीवरी

Spread the love

किशनगंज, 28 मार्च । जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की जानकारी दी है। शनिवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि किशनगंज जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 8535 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी पूरी तरह सामान्य हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने बताया कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 जारी किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, एलपीजी गैस से संबंधित आज कुल दो शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका समय पर निष्पादन कर दिया गया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता न करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।