पंच गौरव योजना से निखर रहा आमेर का पर्यटन वैभव, सैलानियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

Spread the love

जयपुर, 16 फरवरी । आमेर किला को ‘एक जिला–एक पर्यटन स्थल’ के रूप में चयनित किए जाने के बाद यहां पर्यटकों के लिए व्यापक सुविधा विस्तार कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। पर्यटन विभाग और संबंधित एजेंसियों के समन्वय से दुर्ग में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ और आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि देशी-विदेशी सैलानियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिल सके।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनीता सिंह ने बताया कि आमेर दुर्ग प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक है, जहां प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक आते हैं। विरासत संरक्षण और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने पंच गौरव योजना के तहत 89 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं, जिनसे विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

महिला पर्यटकों की सुविधा के लिए मानसिंह महल और दीवाने-आम में बेबी फीडिंग रूम बनाए जा रहे हैं। दलाराम बाग और रामबाग के फव्वारों व रपटों के नियमित संचालन की व्यवस्था की जा रही है, जिससे परिसर की सुंदरता बढ़ेगी।

मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए माधोसिंह थान की ओर बड़ी पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। इससे पूरे महल परिसर में जल आपूर्ति सुचारु रहेगी और लीकेज-सीपेज से ऐतिहासिक संरचना की सुरक्षा होगी।

रात्रिकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुख निवास और मानसिंह महल में सौम्य प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। साथ ही सनसेट प्वाइंट और कपल वेडिंग फोटो साइट का विकास कर आमेर को डेस्टिनेशन वेडिंग स्थल के रूप में भी स्थापित किया जा रहा है। पर्यटन के प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग और विपणन गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 में आमेर दुर्ग और आमेर कस्बे में डिजिटल म्यूजियम, आधुनिक साइनेज, उन्नत लाइटिंग और सुव्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाओं के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता, समयबद्धता और विरासत संरक्षण के मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। अधिकारियों के अनुसार आमेर दुर्ग का समग्र विकास पर्यटन राजस्व बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, हस्तशिल्प, गाइड सेवा और अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी नई गति देगा।