चॉकलेट का लालच देकर दो मासूम बच्चियों से अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

शिवपुरी, 11 मार्च । मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्चियों की मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बल्लू साहू ने उसकी 6 और 5 वर्ष की नाबालिग बच्चियों को चॉकलेट दिलाने का लालच देकर उनके साथ अश्लील हरकत की। शिकायत के आधार पर थाना फिजिकल में अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर धारा 75(1) बीएनएस तथा 11/12 पोक्सो एक्ट के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर महिलाओं और नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बल्लू साहू (35) निवासी ग्राम मुगावली, थाना करैरा, हाल निवासी इंद्रा कॉलोनी शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।