जींद : युवक को फर्जीवाड़े से स्टडी वीजा पर कनाडा भेजकर ठगे 15 लाख

Spread the love

बुधवार को गांव पीपलथा निवासी अमनदीप ने बताया कि उसने गढ़ी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव का ही युवक प्रिंस उसके साथ पढ़ता था। वह अपने भाई गगनदीप को कनाडा पढ़ाई के लिए भेजना चाहता था। प्रिंस ने कहा कि उसके पिता यादवेंद्र व उसका भाई विकास कनाडा पढ़ाई के लिए युवकों को भेजने का काम करते हैं। उसने तीनों के साथ बैठकर बात की। यादवेंद्र ने साढ़े 15 लाख रुपये में उसके भाई गगनदीप को कनाडा स्टडी वीजा पर भेजने तथा उसकी एक साल तक की फीस भरने का वायदा किया।

अमनदीप ने कहा कि उन्होंने 15 लाख रुपये आरोपितों को दे दिए और उसका भाई गगनदीप फरवरी महीने में कनाडा पहुंच गया। यहां उसे कैम्बरिया कालेज में दाखिला मिल गया। 30 अक्टूबर को उसके पास फीस नहीं भरने का नोटिस आया। जब उसने आरोपितों से पूछा तो उन्होंने फीस भरने की एक झूठी रसीद थमा दी। जब इस रसीद की जांच हुई तो वह झूठी पाई गई। आरोपित उसे बार-बार फीस भरने की बात कह कर झूठ बोलते रहे। पुलिस ने अमनदीप की शिकायत पर यादवेंद्र, उसके बेटे प्रिंस तथा विकास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।