जयपुर, 06 फ़रवरी । जगतपुरा महल रोड स्थित मुंबई हॉस्पिटल के पास रामचंद्रपुरा क्षेत्र में शनिवार को श्रीराम मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे शुभ अभिजीत मुहूर्त में संपन्न होगा। इसके पश्चात दोपहर एक बजे से विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
प्रान्त के धर्मजागरण प्रमुख अमरसिंह ने बताया कि छोटी काशी गोविंद की पावन नगरी जयपुर के रामचंद्रपुरा स्थित जन कल्याण संस्थान परिसर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। इसी मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा विधिविधान के साथ की जाएगी।
प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी होंगे। सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के विषयों पर विचार रखे जाएंगे।
इस भव्य आयोजन में अनेक संत-महात्माओं का पावन सान्निध्य रहेगा। कार्यक्रम में संत शिरोमणि जगद्गुरु दिवाकर द्वाराचार्य, स्वेज फार्म सोडाला स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर के अवधेशाचार्य, अखिल भारतीय प्रमुख शरद राव ढोले, धर्म जागरण अखिल भारतीय के सह प्रमुख समन्वय श्याम कुमार शाहिद सहित अनेक संत, धर्माचार्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।