अंतरराष्ट्रीय महिला दिवसः महिला संविधान निर्माताओं पर प्रदर्शनी सहित अनेक प्रमुख आयोजन
नई दिल्ली, 7 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला संविधान निर्माताओं पर एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। संसद भवन में लगाई जाने वाली इस प्रदर्शनी में भारतीय संविधान का मसौदा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली 15 उल्लेखनीय महिलाओं के योगदान को उजागर किया जाएगा। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि यह प्रदर्शनी उनकी विरासत को श्रद्धांजलि और भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। यह प्रदर्शनी सभी लोग देख सकेंगे।
इसके साथ अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के सहयोग से आयोग 1,200 से अधिक महिला अधिवक्ताओं को सम्मानित करने के लिए 8-9 मार्च को छतरपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह पहल कानूनी व्यवस्था में उनके योगदान को मान्यता देगा और इसका उद्देश्य विकसित भारत को आकार देने में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। कार्यक्रम को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद की उपाध्यक्ष मीरा खाडकर ने कहा कि महिला अधिवक्ता न्याय की रीढ़ हैं। उनका योगदान अधिक न्याय संगत कानूनी व्यवस्था को आकार देने में महत्वपूर्ण है। यह कार्यक्रम उनकी प्रतिबद्धता और ताकत को सम्मानित करने के लिए है।
इसके साथ विज्ञान भवन में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है, जिसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। इसके बाद कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श के सत्र होंगे, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी।
—————