आगरमालवा, 28 फ़रवरी । मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सुसनेर में शनिवार को इतवारिया मोहल्ले के नाले में एक किशोर का शव मिला है। मृतक की पहचान पंजाब के जोल डाइवाला निवासी 16 वर्षीय विजयसिंह पुत्र शक्तिसिंह के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अक्षय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नाले से बाहर निकलवाया। शव की स्थिति और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पुराना बस स्टैंड स्थित शासकीय सिविल अस्पताल सुसनेर भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टर नीलम जैन ने शव का पोस्टमार्टम किया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सुसनेर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक के परिजनों से भी संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है।