भोले बाबा के जयकारों से गूंजा बागपत का पुरा महादेव मंदिर

Spread the love

भोले बाबा के जयकारों से गूंजा बागपत का पुरा महादेव मंदिर

बागपत, 26 फ़रवरी (हि.स.)। श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर बुधवार को लाखों शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया है। फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि पर यह जलाभिषेक किया जा रहा है। शिव भक्त कांवड़िया पैदल हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं।

पुरा महादेव मंदिर की मान्यता प्राचीनता से चली आ रही है। यहां श्रवण मास और फाल्गुनी मास की शिवरात्री पर भारी भीड़ होती है। बुधवार 26 फरवरी फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि का मुख्य जलाभिषेक एवं झंडारोहण कार्यक्रम जिलाधिकारी अस्मिता लाल व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय द्वारा विधि विधान के साथ झंडारोहण पूर्वाह्न 11: 8 बजे पर हुआ। पुरा महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी जय भगवान शर्मा ने विधि विधान से पूजा अर्चना कराई। शिवलिंग पर जलाभिषेक कराया। जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। सभी श्रद्धालुओं का स्वागत व अभिनंदन किया। पुरा महादेव मेले और कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद में सुरक्षा चाक चौबंद है। जनपद में आने वाले कांवड़ियों के लिए विशेष सुरक्षा प्रदान करते हुए सभी थाना क्षेत्र को सुरक्षा के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे के अलावा अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। मंदिर परिसर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए भी विशेष ध्यान रखते हुए दिशा निर्देश दिए गए हैं। शिव भक्त सुबह से ही भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर रहे हैं। लाखों शिव भक्तों द्वारा अब तक जलाभिषेक किया जा चुका है।

—————