राघोपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-131 पर बना रेलवे ओवरब्रिज चालू, जाम की समस्या से मिलेगी राहत

Spread the love

सुपौल, 26 फ़रवरी । जिले के राघोपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-131 (पूर्व में एनएच-106) पर निर्मित रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार तड़के सुबह से वाहनों का परिचालन प्रारंभ कर दिया गया। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह ओवरब्रिज अब पूरी तरह से उपयोग के लिए तैयार है। सड़क मार्किंग सहित सभी अंतिम कार्य पूर्ण कर लिए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर आवागमन की अनुमति दे दी गई।

हालांकि पुल का औपचारिक उद्घाटन अभी लंबित है, इसके बावजूद परिचालन शुरू होने से राघोपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। वर्षों से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लगने वाले लंबे जाम से आम नागरिकों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब फाटक बंद होने पर घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे यात्रा समय में कमी आएगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, राघोपुर आरओबी का तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा मानकों की जांच पूरी कर ली गई है। अंतिम औपचारिक स्वीकृति और उद्घाटन के बाद इसे पूर्ण रूप से राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

यह ओवरब्रिज भीमनगर नेपाल सीमा से उदाकिशुनगंज तक लगभग 106 किलोमीटर लंबी सड़क के पुनर्निर्माण परियोजना का हिस्सा है, जिस पर करीब 675 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। परियोजना का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत बनाना है।

इस व्यापक परियोजना के तहत राघोपुर और मानिकपुर में दो रेलवे ओवरब्रिज के साथ-साथ कई छोटे-बड़े पुलों का भी निर्माण कराया गया है।

स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का मानना है कि पुल के चालू होने से राघोपुर बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त होगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय आवागमन को नई गति मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने पुल के संचालन पर खुशी जताते हुए इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।