जयपुर, 15 फरवरी । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूरा राजस्थान शिवमय नजर आ रहा है। जयपुर, उदयपुर, कोटा, जोधपुर, अलवर, पाली सहित प्रदेशभर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्त दूध, घी, शहद और पंचामृत से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर रहे हैं। मंदिरों में डमरू की ध्वनि, मंत्रोच्चार और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया है।
राजधानी जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह 3 बजे भस्म आरती और महाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोले गए। मंदिर महंत शक्ति व्यास और विमल शर्मा के अनुसार दिनभर जलाभिषेक होगा तथा भगवान को 1100 किलो ठंडाई का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जा रहा है।
जयपुर के वैशाली नगर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए दो किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। सुरक्षा के मद्देनजर यहां 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शाम को कोलकाता से मंगवाए गए विशेष फूलों से भगवान का दूल्हा स्वरूप में श्रृंगार किया जाएगा और पूरी रात पूजा-अर्चना चलेगी।
उदयपुर में श्रद्धालु एकलिंगनाथजी मंदिर के दर्शन के लिए डीजे की धुनों पर शिव आराधना करते हुए पहुंचे। वहीं कोटा के शिवपुरी धाम में 525 शिवलिंग के दर्शन के लिए सुबह से लंबी कतार लगी रही। विज्ञान नगर स्थित अमन कॉलोनी के अमलेश्वर महादेव मंदिर में साल में केवल एक दिन महाशिवरात्रि पर पूजा होती है। करीब 100 वर्ष पुराने इस मंदिर में पुलिस निगरानी में श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। कोटा के कंसुआ क्षेत्र स्थित लगभग 1200 वर्ष प्राचीन शिव मंदिर में भी भारी भीड़ उमड़ी। भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया तथा देर रात महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अलवर के प्रमुख त्रिपोलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का दूल्हा स्वरूप में श्रृंगार किया गया है। त्रिपोलेश्वर शिव शक्ति सेवा समिति के तत्वावधान में 11 दिवसीय कार्यक्रम के तहत शाम को शिव-पार्वती वरमाला महोत्सव होगा। सुबह 5 बजे से ही यहां भक्तों की कतार लगी रही और पंचामृत से अभिषेक किया गया। जालोर में महाशिवरात्रि पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भोलेनाथ की 121 मूर्तियों की झांकी सजाई गई। शिवगणों का रूप धरे युवा भजनों पर झूमते और तांडव करते नजर आए।
पाली के सोमनाथ मंदिर में सुबह से जलाभिषेक जारी है। यहां भगवान का 251 विशेष फूलों से श्रृंगार किया जाएगा, जो मुंबई और पुणे से मंगवाए गए हैं।भीलवाड़ा के हरणी महादेव मंदिर में चार पहर की विशेष पूजा हो रही है। नगर निगम की ओर से तीन दिवसीय मेले का आयोजन भी शुरू हुआ है। जोधपुर के कायलाना की पहाड़ियों में स्थित सिद्धनाथ दादा दरबार में सुबह से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यहां भगवान महादेव और उनके परिवार का विशेष श्रृंगार किया गया है।