सूरजपुर, 01 अप्रैल ।आकांक्षी विकासखंड प्रतापपुर में निर्माण कार्यों और योजनाओं की प्रगति को लेकर आज आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एस. जयवर्धन और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के निर्देशानुसार जनपद पंचायत प्रतापपुर के सभाकक्ष में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक जनपद सीईओ के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें सचिव, रोजगार सहायक और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालय निर्माण, जियो टैगिंग, यूसी/सीसी, कचरा संग्रहण और ऑनलाइन एंट्री की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही मनरेगा के तहत प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा हुई।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आंगनबाड़ी भवन, नए शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, एसएलआरएम शेड, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र और सीएससी सेंटर सहित अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से विचार किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, सूर्य घर योजना, पेंशन भुगतान (ई-केवाईसी), हैंडपंप मरम्मत, ब्लॉक प्लांटेशन, वाटर हार्वेस्टिंग और ग्राम पंचायत व पीडीएस भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई।
जनपद सीईओ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें, अद्यतन जानकारी के साथ ऑनलाइन एंट्री नियमित रखें और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करें। पंचायतवार समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और शासन के निर्देशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सभी सचिवों द्वारा 5 अप्रैल तक शत-प्रतिशत शौचालय मरम्मत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।