अंतिम पंक्ति में बैठे वंचित को भी मिलेगा स्वाभिमान के साथ न्याय- जस्टिस भाटी

Spread the love

जयपुर, 29 जनवरी । राजस्थान हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति, जोधपुर के अध्यक्ष जस्टिस पुष्पेंद्र भाटी ने कहा कि न्याय सेवा संगम मेगा जन कल्याण शिविर बदलते भारत की तस्वीर है, जहां विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आम आदमी के लिए न्याय सुलभ हुआ है। हमारा वादा है कि हम अंतिम पंक्ति में बैठे वंचित वर्ग को स्वाभिमान के साथ आगे बढाएंगे और उसे न्याय मिलेगा। जस्टिस भाटी आमेर के नवलखा स्टेडियम में आयोजित न्याय सेवा संगम मेगा जन कल्याण शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति, जयपुर के अध्यक्ष जस्टिस इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि आम आदमी को सस्ता और सुलभ समयबद्ध तरीके से न्याय उपलब्ध कराना संविधान की आत्मा में है और यह हम सबकी जिम्मेदारी भी है।

जन कल्याण शिविर में राज्य सरकार के करीब बीस विभागों के माध्यम से आमजन को सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर जितेन्द्र कुमार सोनी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर जिला के सचिव पवन जीनवाल और मेट्रो द्वितीय की सचिव पल्लवी शर्मा ने बताया कि शिविर में जिला प्राधिकरण की ओर से एक स्टॉल भी लगाई गई। जिसमें विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दी जा रही सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जन उपयोगी सेवाओं से संबंधित शिकायतें ली गई।