नैनीताल, 14 फ़रवरी । नैनीताल जनपद की ग्राम सभा बेलुवाखान का चयन विश्व बैंक वित्तपोषित उत्तराखंड जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि परियोजना के अंतर्गत किया गया है। परियोजना के तहत ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल के सहयोग से दो दिवसीय बैठक का आयोजन बाईपास स्थित हिलांस के निकट किया गया, जिसमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा जलागम विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की।
ग्रामीणों ने परियोजना को गांव के लिए लाभकारी बताते हुए ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की और योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।बैठक में जलागम अधिकारियों ने परियोजना के उद्देश्य, लाभ एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही ग्राम स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन किया गया। जल एवं जलागम प्रबंधन समिति की अध्यक्ष ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल तथा सचिव वार्ड सदस्य देवेंद्र रावत बनाए गए। दिनेश आर्य, हीरा देवी और मनीष कुमार को सदस्य नामित किया गया।
राजस्व ग्राम समिति में ग्राम प्रधान को अध्यक्ष तथा शहवाज को सचिव बनाया गया, जबकि प्रेमा बिष्ट और रहीम आर्य को सदस्य नामित किया गया। इच्छुक कृषक समूह में जीवन सिंह गैलाकोटी को अध्यक्ष और सुनील कुमार को सचिव चुना गया। बैठक में लगभग 40 कृषकों ने भाग लिया और सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जलागम विभाग से अवर अभियंता हिमांशु कुमार, कमल बेलवाल, नीरज कुमार, आनंद रस्तोगी, हेम चंद्र पाठक और याचना चंद उपस्थित रहे। ग्रामवासियों में राजेंद्र चौहान, उमेद सिंह मनराल, कुंदन सिंह चौहान, देव गिरी, पान सिंह सिजवाली, योगेश बोरा, राजेंद्र राठौर, गीता परिहार, चंद्रा देवी, शीला सिजवाली, गोपाल सिंह बिष्ट, भारती सिजवाली और करन बोरा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।