शिमला, 30 जनवरी । हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे शांता कुमार ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत जब आज़ादी के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब तक यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को पूरे देश में लागू कर दें और जनसंख्या नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाएं, तो स्वतंत्रता की शताब्दी और अधिक गौरवशाली बन जाएगी।
शांता कुमार ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि यह आज हम सभी के लिए परम सौभाग्य का विषय है कि भारत और भारतीय जनता पार्टी के स्वर्ण युग को अपनी आंखों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के लंबे संघर्ष और सैकड़ों राम भक्तों के बलिदान के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। इसके साथ ही अनुच्छेद 370 हटाया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर संसद तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रभाव हर चुनाव के साथ लगातार बढ़ता जा रहा है।
शांता कुमार ने कहा कि हरियाणा और बिहार के बाद महाराष्ट्र और मुंबई में मिली शानदार जीत ने पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की जीत की मजबूत नींव रख दी है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का बंगाल अब राष्ट्रीय शक्तियों के साथ आगे बढ़ेगा।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी का कोई विकल्प नहीं है। शांता कुमार के अनुसार विश्व के 130 देशों के प्रधानमंत्रियों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबसे अधिक लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व के पांच सबसे समृद्ध देशों में शामिल हो चुका है और सबसे तेज़ी से बढ़ती हुई तीसरी आर्थिक शक्ति बन गया है।