हरिद्वार, 05 अप्रैल । स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी द्वारा संचालित स्वामी रामप्रकाश चैरिटेबल चिकित्सालय में रविवार को गोर्खाली सुधार सभा, शाखा हरिद्वार के तत्वावधान में जिला ब्लड बैंक के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन इंडियन रेडक्रॉस उत्तराखंड के चेयरमैन एवं ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डॉ. चौधरी ने कहा कि रक्तदान एक महान और पुण्य कार्य है, जो किसी जरूरतमंद की जान बचाने का अवसर देता है। उन्होंने बताया कि एक वयस्क व्यक्ति के शरीर में औसतन 10 यूनिट रक्त होता है, जिसमें से सुरक्षित रूप से एक यूनिट (लगभग 350 मिली) रक्तदान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई लोग रक्तदान से हिचकिचाते हैं, जबकि रक्तदान करने के बाद दाता को गर्व और मानसिक संतुष्टि की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में चिकित्सा विज्ञान ने काफी प्रगति कर ली है, लेकिन खून आज भी किसी फैक्ट्री में नहीं बनता, इसलिए जरूरतमंदों की मदद के लिए रक्तदान ही एकमात्र माध्यम है।
चिकित्सालय के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संजय शाह ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर में आयरन का संतुलन बना रहता है, जिससे हृदय रोग और हार्ट अटैक का खतरा कम होता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से स्ट्रोक का खतरा लगभग 33 प्रतिशत तक कम हो सकता है और कैंसर जैसी बीमारियों के जोखिम को भी कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि 18 से 65 वर्ष की आयु के वे लोग, जिनका वजन 50 किलोग्राम से अधिक है और हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम या उससे अधिक है, वे सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकते हैं।
चिकित्सालय की महाप्रबंधक निधि धीमान ने कहा कि देश में आज भी रक्त की कमी के कारण कई लोगों की जान चली जाती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार यदि केवल दो प्रतिशत और लोग स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आएं तो हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है।
गोर्खाली सुधार सभा के शाखा अध्यक्ष शमशेर बहादुर बम ने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण तेजी से होता है और स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
शिविर में पदम सिंह गुरूंग, प्रमोद पुरी, सौरभ सिंह, हीरालाल शर्मा, हरीश कुमार, राहुल कुमार, खेम बहादुर, अजय सिंह, ओमप्रकाश, अभिषेक पौडेल, विपिन कुमार गौतम, भरत, यश कुमार, चिरंजीव ज्ञवाली, डॉ. डम्बर प्रसाद पौडेल, किशन थापा, प्रेम सागर, दिलीपराज जोशी, गौरभ अरोड़ा, पुष्पराज पांडे, नारायण शर्मा और शंकर पांडे सहित कई लोगों ने भागीदारी की।
शिविर को सफल बनाने में जिला ब्लड बैंक के डॉ. रविन्द्र चौहान, विजयश्री, श्रीमती बेबी सैनी, रैना नैयर, उमेश सैनी, वर्णिक चौधरी, दीपक शर्मा, अदीति और नामंदिनी का विशेष सहयोग रहा।