आईपीएल : सैम करन की जगह दासुन शनाका राजस्थान रॉयल्स टीम में शामिल

Spread the love

नई दिल्ली, 23 मार्च । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने अपनी टीम में बदलाव करते हुए श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका को इंग्लैंड के चोटिल खिलाड़ी सैम करन के रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया है। शनाका को फ्रेंचाइजी ने 2 करोड़ रुपये में टीम से जोड़ा है।

शनाका एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्होंने श्रीलंका के लिए 6 टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3350 से अधिक रन और 86 विकेट दर्ज हैं। वह इससे पहले आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से खेल चुके हैं। शनाका पाकिस्तान सुपर लीग में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलने वाले थे, लेकिन अब वह राजस्थान रॉयल्स के साथ नजर आएंगे।

सैम करन इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड होकर राजस्थान में शामिल हुए थे, लेकिन ग्रोइन इंजरी के कारण पूरे आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। राजस्थान रॉयल्स अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी।