किशनगंज, 08 अप्रैल । जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सभी थाना प्रभारियों के साथ मद्य निषेध, परिवहन (ई-डार), नीलाम पत्र वाद एवं भूमि विवाद से संबंधित विषयों पर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रशासनिक मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान मद्य निषेध, ई-डार परिवहन, नीलाम पत्र वाद, जप्त शराब के विनिष्टीकरण, वारंट निष्पादन एवं लंबित मामलों के निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही हिट एंड रन तथा नॉन हिट एंड रन मामलों की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने ट्रैफिक थाना अंतर्गत मामलों की सम्यक समीक्षा के लिए एडीटीओ को निर्देशित करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगति संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। मद्य निषेध की समीक्षा में मार्च माह के दौरान कुछ थानों में शून्य बरामदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिक से अधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना-वार विनिष्टीकरण से संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने के लिए अधीक्षक मद्य निषेध को निर्देशित किया गया। बैठक में नीलाम पत्र वाद से संबंधित 25 वर्ष से अधिक पुराने पांच मामलों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। डीएम विशाल राज ने इन मामलों का शीघ्र निष्पादन कर राजस्व वसूली सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा किशनगंज, बहादुरगंज, कोचाधामन, ठाकुरगंज एवं पोठिया थानों में लंबित मामलों का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी को दिए गए। भू-समाधान से जुड़े मामलों पर अगली बैठक में विस्तृत समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।साथ ही सभी पुराने लंबित प्रमाण पत्र मामलों को चरणबद्ध तरीके से निष्पादित करने तथा 25 वर्ष से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।
बैठक में मद्य निषेध पदाधिकारी, नीलाम पत्र पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी बिंदुओं की प्रगति की समीक्षा अगली बैठक में की जाएगी।