सुपौल में 14 मार्च को हाेने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 2600 नोटिस जारी

Spread the love

सुपौल, 22 फ़रवरी । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुपौल द्वारा आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को दोपहर 12:30 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव अफजल आलम ने की। बैठक में जिले के सभी पैरा लीगल वॉलंटियर्स शामिल हुए।

बैठक के दौरान सचिव अफजल आलम ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में पीएलवी की भूमिका को अहम बताते हुए उन्हें सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की पहचान कर समय पर नोटिस जारी करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन लोक अदालत के माध्यम से संभव हो सके।

प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार, 21 फरवरी तक कुल 2600 नोटिस संबंधित पक्षकारों को भेजे जा चुके हैं। इन मामलों में सिविल, पारिवारिक, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा और आपसी विवाद सहित विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि नोटिस भेजने की प्रक्रिया लगातार जारी है तथा आगामी एक सप्ताह के भीतर और लंबित मामलों को चिन्हित कर नोटिस तैयार किए जाएंगे।

सचिव अफजल आलम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुलभ, त्वरित और निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराना है। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निपटारा आपसी सहमति से होता है, जिससे न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम होता है और पक्षकारों के समय व धन की बचत होती है।

बैठक के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सुपौल की ओर से आम जनता से अपील की गई कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से इस बार भी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जाएगा।