नैनीताल, 01 अप्रैल । नगर में सुबह-सुबह बीडी पांडे जिला चिकित्सालय का क्षेत्र एक 18 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में असामयिक मौत से गमगीन हो गया।
बताया गया कि अचानक खून की उल्टियां होने पर नगर के सात नंबर निवासी 18 वर्षीय दिव्या गोस्वामी पुत्री बिशन गिरि गोस्वामी को परिजन सुबह साढ़े पांच बजे बीडी पांडे जिला चिकित्सालय लेकर आये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजन चीत्कार कर उठे।
जिला चिकित्सालय के आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील ने चिकित्सालय के रिकॉर्डों के आधार पर बताया कि किशोरी की चिकित्सा लाने से पहले ही मौत हो चुकी थी। किशोरी की मौत की सूचना मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी गयी।
पुलिस ने पंचनामा भरकर दोपहर बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवाया। मृतका के परिजनों के अनुसार किशोरी को टाइफाइड की बीमारी हो गयी थी। उधर नगर कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि किशोरी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम के उपरांत ही पता चल पाएगा।