नरवाना मंडी में पहुंचे कृषि मंत्री का किसानों ने किया विरोध,नए कानून वापस लेने की मांग

Spread the love

जींद, 12 अप्रैल । कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को रविवार को नरवाना की मेला मंडी में किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। मंत्री गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे, तभी पहले से धरना दे रहे किसानों ने उन्हें घेर लिया और सरकार की नई खरीद नीति पर तीखे सवाल उठाए। किसानों का मुख्य विरोध बायोमैट्रिक सिस्टम और ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट अनिवार्य करने के फैसले को लेकर था। उनका कहना था कि बायोमैट्रिक प्रक्रिया से खरीद में देरी हो रही है, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं और समय बर्बाद हो रहा है। किसानों ने ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट के नियम को भी अव्यवहारिक बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों को समझाने का प्रयास किया और नई नीति के फायदे गिनाए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाने, फर्जीवाड़े पर रोक लगाने और सही किसान तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लागू की गई है। हालांकि, मंत्री की इन दलीलों से किसान संतुष्ट नहीं हुए।

धरना दे रहे किसानों ने सरकार से जमीनी हकीकत को समझते हुए इस नई नीति को तुरंत बंद करने की मांग की। बातचीत के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हो गया। जब किसानों ने नई नीति वापस लेने को लेकर सीधा जवाब मांगा, तो मंत्री कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दे सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने किसानों के सामने हाथ जोड़कर वहां से चले गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद किसानों में नाराजगी और बढ़ गई है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।