उमरिया : हाई स्कूल में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से फैली दहशत, एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश

Spread the love

उमरिया, 18 फ़रवरी । मध्‍यप्रदेश के उमरिया जिले की जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम कल्दा स्थित हाई स्कूल में पिछले तीन दिनों से छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों में भी दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले दिन दो छात्राएं कक्षा के दौरान असामान्य व्यवहार करने लगीं। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें घर ले गए। दूसरे दिन तीन-चार अन्य छात्राओं की भी तबीयत अचानक बिगड़ गई। तीसरे दिन यह संख्या बढ़कर लगभग 10-11 तक पहुंच गई।

घटना के बाद कुछ अभिभावक बच्चियों को समीपस्थ पहाड़ी पर स्थित महोबा दादर मंदिर ले गए। इस बीच स्कूल परिसर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्कूल प्रबंधन ने दी जानकारी

हाई स्कूल कल्दा के प्रभारी प्राचार्य सूरज लाल मराबी ने बताया कि पहले दिन दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ी थी। अगले दिनों में कुछ अन्य छात्राओं में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।

शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य अमला सक्रिय

प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आर एस मरावी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिलते ही वे कल्दा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को भी सूचित किया गया है और चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विशेषज्ञों की राय की जरूरत

ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार की घटनाएं कई बार सामूहिक तनाव, डर या अफवाहों के कारण भी सामने आती हैं। प्रशासन ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें। फिलहाल शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य टीम मामले की पड़ताल में जुटी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।