पेड़ की छंगाई के दौरान करंट से मजदूर की मौत

Spread the love

उदयपुर, 30 जनवरी । उदयपुर शहर के सुखाड़िया यूनिवर्सिटी रोड स्थित द स्टेनवर्ड स्कूल परिसर में पेड़ की छंगाई के दौरान एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मजदूर का शव करीब आधे घंटे तक पेड़ पर ही लटका रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर भूपालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई और क्रेन की सहायता से शव को नीचे उतारकर एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया। घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मजदूर पेड़ की डालियां काटने के लिए ऊपर चढ़ा था। पेड़ के पास से 33 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। छंगाई के दौरान एक डाली बिजली लाइन के ऊपर चली गई। मजदूर ने डाली को हटाने का प्रयास किया, इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बिजली विभाग के अशोक नगर एईएन ब्रजलाल मीणा ने बताया कि बिजली लाइनों के समीप पेड़ों की छंगाई से पहले विभाग को लिखित सूचना देना अनिवार्य होता है, ताकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद की जा सके। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से न तो लिखित सूचना दी गई और न ही फोन पर जानकारी दी गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस एवं बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और आवश्यक कार्रवाई की गई।